आगरा, । दक्षिण थाना क्षेत्र के नगला भाऊ में मंगलवार दोपहर मकान में घुस कर चार लोगों ने विवाहिता से छेड़छाड़ का प्रयास किया। विरोध करने पर हाथापाई करने के साथ महिला को गोली मार दी गई। गोली उसके पेट और हाथ के निचले हिस्से में छर्रे लगे। घायल को सरकारी ट्रामा सेंटर से आगरा रेफर किया गया। महिला के पति ने क्षेत्रीय पार्षद उसके पुत्र, ननि सुपरवाइजर समेत चार के खिलाफ तहरीर दी है, जिसकी जांच की जा रही है।ग्लास फैक्ट्री में काम करने वाले संजय सोनी अपनी पत्नी सीमा सोनी (41) और दो बेटाें के साथ सदर तहसील से चंद कदम की दूरी पर किराए के मकान में रहते हैं। बेटी शादीशुदा है और दो बेटे ग्लास फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। पिता-पुत्र सुबह ड्यूटी गए थे। सीमा घर पर अकेली थीं। आरोप है दोपहर 12.15 बजे क्षेत्रीय पार्षद अभिनेंद्र कुमार यादव निवासी नगला भाऊ, नगर निगम में सुपरवाइजर रामनाथ सिंह, महेश कुमार और उनका पुत्र अनिल कुमार निवासी नगला भाऊ मकान में घुस कर छेड़छाड़ का प्रयास करने लगे। विरोध पर रामनाथ ने दो थप्पड़ मारे। चारों में से किसी ने उन्हें गोली मार दी। गोली पेट में लगी और गिर पड़ी। इसके बाद आरोपित फरार हो गए। फायरिंग की आवाज और घायल की चीख पुकार सुनकर पड़ोसी पहुंचे। सूचना पर पहुंचे पति संजय घायल पत्नी को लेकर ट्रामा सेंटर पहुंचे। जहां से आगरा रेफर कर दिया गया।सूचना पर एसपी सिटी मुकेश मिश्रा सीओ सिटी अभिषेक कुमार श्रीवास्तव और इंस्पेक्टर दक्षिण बैजनाथ सिंह के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल विवाहिता के बेटे लखन और राजा से मामले की जानकारी ली। एसपी सिटी ने बताया कि महिला के पति ने पार्षद और ननि सुपरवाइजर समेत चार के खिलाफ तहरीर दी है। चारों की तलाश की जा रही है।- चार महीने से कर रहा था परेशान-बेटा लखन ने बताया कि उसकी मां को महेश चार महीने से परेशान कर रहा था। पहले उनकी मां शाम को टहलने जाती थी, लेकिन उसकी वजह से उसने टहलना बंद कर दिया था।एसपी सिटी ने बताया कि फायरिंग की आवाज सुन कर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो सीमा लहूलुहान हालत में कमरे में पड़ी थी, लेकिन किसी ने आरोपितों में से किसी को भागते नहीं देखा।घटनास्थल पर चूड़ियां फूटी मिलीं। पास में चारपाई बिछी थी। तीन ईंटें भी कमरे में रखीं थीं। कमरे के बगल में बने शौचालय के बाहर भी खून के कुछ निशान मिले।आगरा रेफर की गई विवाहिता को एसएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। महिला थाना इंस्पेक्टर हेमलता ने जाकर घायल के बयान दर्ज किए और वहीं पति ने आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी है।
© Unite For Humanity
साहसी, निर्भीक, सदैव सच के साथ