अलीगढ़ : कस्बा छर्रा में शुक्रवार रात में छत से गिरकर युवक की मौत हो गई। जनपद कासगंज क्षेत्र निवासी युवक रक्षाबंधन पर छर्रा में अपनी बहन के यहां घूमने आया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हेतु भेजा है। हादसे के चलते स्वजन में कोहराम मचा हुआ है।जनपद कासगंज के थाना ढोलना क्षेत्र के ग्राम किनावा निवासी संजू (30) पुत्र रोहन सिंह दिल्ली में रहकर मजदूरी कर परिवार का पालता था। उसकी एक बहन गंगादेवी कस्बा छर्रा के मोहल्ला शिवपुरी गली नंबर आठ में रहती है। रक्षाबंधन पर वह पत्नी सरिता एवं बेटी बविता, रानी व पुत्र सोहन के साथ बहन के यहां घूमने आया था। संजू की मां उसकी बहन के घर पर ही रहती थी, जिनकी करीब चार माह पूर्व मौत हो गई थी। किसी कार्य हेतु मां के मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए वह यहीं रुका हुआ था। शुक्रवार रात संजू सभी स्वजन के साथ छत पर सो रहा था। रात में अचानक पानी पीने के लिए उठा। छत की बाउंड्री न होने के चलते संजू गली में सड़क पर गिर गया। कुछ देर तड़पने के बाद उसकी मौत हो गई। शनिवार तड़के गली के कुछ लोग जब टहलने निकले तो मृत अवस्था में युवक को देखकर स्वजन को जगाया। इतने में मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। हादसे के चलते स्वजन में कोहराम मच गया। वहीं पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। तभी किसी तरह सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई और शव पोस्टमार्टम हेतु भेजा है।
© Unite For Humanity
साहसी, निर्भीक, सदैव सच के साथ