औरैया, उरई से दिल्ली जा रही उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम की बस रविवार देर रात करीब नौ बजे अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के लालपुर गांव के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर फ्लाईओवर पर आगे जा रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एंबुलेंस से आनन-फानन पहुंचाया गया। उरई डिपो की बस उरई से दिल्ली जा रही थी। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के लालपुर फ्लाईओवर के पास ओवरटेक करने के दौरान बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया गया। रोडवेज के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। औरैया डिपो के एआरएम आरएस चौधरी का कहना है कि आगे जा रहे ट्रक से बस भिड़ी है। घायलों में महिला यात्री नजमा की हालत गंभीर है। उसे सैफई अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, चालक आशीष पाठक को गंभीर चोट आई है। परिचालक भी घायल हुआ है। बस में 30 यात्री थे। अन्य यात्रियों को औरैया डिपो की बस से गंतव्य को रवाना किया गया।
© Unite For Humanity
साहसी, निर्भीक, सदैव सच के साथ