चंदौली : मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जलीलपुर पुलिस चौकी के डांडी के समीप गुरुवार की सुबह सड़क दुर्घटना में सीआइएसएफ के जवान की मौत हो गई। जवान 15 दिन की छुट्टी लेकर गोरखपुर जा रहा था। डांडी के पास अनियंत्रित बोलेरो ने आटो में टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। जवान वाराणसी से बस पकड़ने के लिए आटो से जा रहा था। पुलिस ने शव को जिला चिकित्सालय भेजवा दिया। उधर, सूचना के बाद सेना का दल भी चिकित्सालय पहुंच गया।गोरखपुर, तेंदुआ सहजनवा निवासी वीरेंद्र कुमार (35) रांची के सीआइएसएफ में तैनात है। होली पर्व पर 15 दिन ही छुट्टी लेकर वह गोरखपुर जा रहा था। संभवत: ट्रेन से वीरेंद्र पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचा। यहां से आटो पकड़कर वह वाराणसी जा रहा था, जहां से बस के जरिए वह घर जाता था। आटो जैसे ही डांडी के पास पहुंची पीछे से आ रहे बोलेरो ने अनियंत्रित होकर आटो में जोरदार टक्कर मार दी। घटनास्थल पर ही वीरेंद्र की मौत हो गई जबकि एक महिला व आटो चालक भी घायल हो गया। आसपास के लोगों ने दोनों को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही जलीलपुर पुलिस चौकी इंचार्ज कृष्ण कुमार गुप्ता मौके पर पहुंच गए। मृतक के पास से मिले कागजात के आधार पर उसकी शिनाख्त की गई। इसके बाद सीआइएसएफ के लोगों को सूचना दी गई। जवान के पास छुट्टी का लेटर मिला। 29 मार्च का जवान को रांची में ज्वाइन करना था।
© Unite For Humanity
साहसी, निर्भीक, सदैव सच के साथ