गोरखपुर, । गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव में शादी समारोह में गाना बदलने को लेकर बराती और घराती आपस में भिड़ गए। जिसमें लड़की पक्ष के किशोर की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। बड़हलगंज पुलिस ने घटना में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।बड़हलगंज, कोल्हुआ के रहने वाले रामभजन गुप्ता की बेटी की शादी गगहा के मेहदिया गांव पवन से तय थी। शनिवार की रात में बरात आयी थी। द्वार पूजा के दौरान गाना बज रहा था। इसी दौरान गाना बदलने को लेकर बरातियों और घरातियों में विवाद हो गया। इसी विवाद में चाकूबाजी भी हो गई। जिसमें कोल्हुआ गांव निवासी अख्तर और आफताब घायल हो गए। स्वजन गंभीर स्थिति में उन्हें सीएचसी बड़हलगंज ले गए जहां से मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। रास्ते में अख्तर की मौत हो गई। अख्तर के पिता मनौव्वर की तहरीर पर बरात पक्ष से आए गगहा के तेजपुर गांव के दो भाईयों रोहित मिश्रा और मोहित मिश्रा पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने रविवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया।
© Unite For Humanity
साहसी, निर्भीक, सदैव सच के साथ