लखनऊ, । समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में अराजकता को खुली छूट मिली हुई है। लूट, अपहरण की शर्मनाक घटनाओं के साथ गरीबों के घरों पर बुलडोजर कहर ढा रहा है। उत्तर प्रदेश महिलाओं और मासूम बच्चियों के लिए सर्वाधिक असुरक्षित प्रदेश हो गया है। सपा अध्यक्ष ने हाल ही में डीजीपी पद से हटाए गए मुकुल गोयल के मामले में टिप्पणी करते हुए कहा कि गृह मंत्रालय ही 'अकर्मण्य' डीजीपी का चयनकर्ता था। उन्हें सरकार ने अकर्मण्यता का आरोप लगाकर हटाया था। भाजपा सरकार के वसूली तंत्र ने समूची पुलिस व्यवस्था को कलंकित कर रखा है। कानपुर की चकेरी पुलिस के बाद अर्मापुर पुलिस की कथित वसूली की फिक्स रेट लिस्ट की चर्चा सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। दबिश के नाम पर पुलिस घरों में घुस कर महिलाओं से अभद्रता के मामले में नया इतिहास रच रही है।प्रयागराज में न्याय और सुरक्षा को ठोकर मार कर पुलिस ने जातीय वैमनस्यता में महिलाओं से मारपीट की। पुलिस थानों में मनमानी कर रही है। बुलंदशहर में गरीब के घर पर बुलडोजर चलाने के दौरान मलबे में दबकर घायल व्यक्ति की मौत हो गई। गरीबों की रोजी-रोटी छीनी जा रही है। बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बाबा के बुलडोजर पर लगातार हमलावर हैं और समय-समय पर भाजपा सरकार को घेरने का कोई अवसर नहीं छोड़ते।
© Unite For Humanity
साहसी, निर्भीक, सदैव सच के साथ