लखनऊ, । भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने पंजाब के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रत्याशियों की सूची जारी करने के बाद उत्तर प्रदेश के भी प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के तीसरे तथा चौथे चरण के मतदान वाले क्षेत्रों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को अपनी तीसरी सूची जारी कर दी है। भाजपा ने बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले हाथरस के कद्दावर नेता रामवीर उपाध्याय को अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस छोडऩे वाली अदिति सिंह के साथ ही समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल नितिन अग्रवाल को भी टिकट मिला है। कानपुर के पुलिस कमिश्नर पद को छोड़कर वीआरएस लेने वाले आइपीएस अधिकारी असीम अरुण को भी भाजपा ने मैदान में उतारा है।भाजपा ने तीसरे व चौथे चरण के मतदान वाले क्षेत्र के लिए आज सूची जारी की है। भाजपा की इस चौथी लिस्ट में अदिति सिंह, नितिन अग्रवाल और असीम अरूण का नाम शामिल है। 85 प्रत्याशियों की सूची में 15 महिलााओं को टिकट दिया गया है। जिसमें कांग्रेस से आई अदिति सिह का नाम भी शामिल है। इनके साथ ही बसपा से भाजपा में आए रामवीर उपाध्याय समाजवादी पार्टी से आए नितिन अग्रवाल के अलावा पुलिस सेवा छोडकर राजनीति में आए असीम अरूण को भी पार्टी ने टिकट दिया है।औरैया की बिधूना विधानसभा सीट पर भाजपा ने विधायक विनय शाक्य की बेटी रिया शाक्य को प्रत्याशी बनाया है। विनय शाक्य पिछले दिनों ही स्वामी प्रसाद मौर्य के समर्थन में भाजपा छोड़कर सपा में गए हैं। रिया ने अपने चाचा पर आरोप लगाया था कि उनके पिता को बंधक बनाकर रखा गया है। अब अगर विनय शाक्य इस सीट पर चुनाव लड़ते हैं तो मुकाबला रोचक होगा। सपा छोड़कर भाजपा में गए पूर्व विधायक व मुलायम सिंह यादव के साढ़ू प्रमोद गुप्ता को टिकट मिलने की चर्चा थी। वह इसी सीट पर 2012 में विधायक चुने गए थे।भाजपा प्रत्याशियों की तीसरी सूची में उन्नाव की पांच विधानसभा सीटों से पार्टी ने विधायकों को ही प्रत्याशी बनाया है। बांगमऊ से श्रीकांत कटियार, सफीपुर से बंबालाल दिवाकर, मोहान से बृजेश कुमार रावत, उन्नाव सदर से पंकज गुप्ता और पुरवा से अनिल सिंह का नाम शामिल हैं। जब कि पार्टी ने एक मात्र 166-भगवंत नगर सीट पर उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। यहां से अभी तक विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित विधायक हैं। चर्चा है कि इस सीट पर भी पार्टी अभी प्रत्याशी का चयन नहीं कर पायी है।महोबा में दोनों विधायक को ही टिकट : चरखारी से बृजभूषण राजपूत, महोबा सदर से राकेश गोस्वामी ।कानपुर देहात जिले में अकबरपुर रनियां सीट से प्रतिभा शुक्ला व सिकंदरा सीट से अजीत पाल को टिकट फिर से दिया गया है। दोनों इसी सीट से विधायक हैं और अजीत पाल सूबे में राज्यमंत्री हैं। वहीं भोगनीपुर व रसूलाबाद सीट पर अभी टिकट नहीं मिला है।भाजपा ने झांसी की चार में से तीन सीट पर प्रत्याशी घोषित किया है। झांसी से रवि शर्मा, बबीना से राजीव सिंह 'पारीछा' तथा गरौठा से जवाहर सिंह राजपूत का टिकट बरकरार है। अभी मऊरानीपुर के प्रत्याशी की घोषणा नहीं हुई है। ललितपुर के दोनों विधायकों को ही टिकट दिया गया है। ललितपुर से रामरतन कुशवाहा तथा महरौनी से मनोहर लाल पंत 'मन्नू कोरी' पार्टी के प्रत्याशी हैं।पीलीभीत में भाजपा ने चार विधायकों में दो को इस बार मैदान में नहीं उतारा है। डीएम के गनर से मारपीट, दुष्कर्म प्रकरण में विवादित बयान देने पर घिर चुके बरखेड़ा विधायक संजय सिंह गंगवार के स्थान पर स्वामी प्रवक्तानंद को प्रत्याशी बनाया गया। बीसलपुर के विधायक 73 वर्षीय रामसरन वर्मा के स्थान पर उनके बेटे विवेक वर्मा को टिकट दिया गया। शहर से विधायक संजय गंगवार और पूरनपुर से बाबूराम पासवान को इस बार भी टिकट दिया गया। शाहजहांपुर के तिलहर से सपा से आईं सलोना कुशवाहा, जलालाबाद से हरिप्रकाश वर्मा और ददरौल से विधायक मानवेंद्र सिंह को प्रत्याशी बनाया गया।
© Unite For Humanity
साहसी, निर्भीक, सदैव सच के साथ