रामपुर, जिले की मिलक कोतवाली क्षेत्र में पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद के बाद गोली चल गई। फायरिंग में पुत्र बाल-बाल बच गया। गोली उसके गले से रगड़ खाती हुई निकल गई। उसने पिता के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। घटना सैंडोली गांव की है। यहां रहने वाले ग्रामीण का अपने पुत्र से किसी बात पर विवाद हो गया। दोनों के बीच कहासुनी इतनी ज्यादा बढ़ गई कि पिता तमंचा निकाल लाया और बेटे पर फायर झोंक दिया।संयोग से गोली उसके नहीं लगी, बल्कि रगड़ खाते हुए निकल गई। गोली की आवाज सुनक आसपास के लोग आ गए। तब तक पिता वहां से फरार हो गया। बेटे ने पिता के खिलाफ कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है। उधर, पुलिस घटना से इन्कार कर रही है। मिलक कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र कुमार सिंह का कहना है कि गोली मारने की जानकारी नहीं है और न ही अभी ऐसी कोई तहरीर मिली है। तहरीर मिलने पर पुलिस विधिक कार्रवाई करेगी।
© Unite For Humanity
साहसी, निर्भीक, सदैव सच के साथ